संगठन को मजबूत करने रतलाम पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से सतत संवाद

Former Leader of Opposition Ajay Singh arrives in Ratlam to strengthen the organization, workers give him a warm welcome, maintain constant dialogue with senior leaders and workers

संगठन को मजबूत करने रतलाम पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से सतत संवाद

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय अर्जुन सिंह उर्फ 'राहुल भैया' संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से रतलाम शहर के भ्रमण पर हैं। इस दौरान वे कांग्रेस को सशक्त बनाने के लिए हर एक कार्यकर्ता और पदाधिकारी से सीधे मुलाकात कर रहे हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को वे शहर कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष फैयाज मंसूरी के सिल्वर इन कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचे, यहां उनका आतिशबाजी और भारी उत्साह के साथ किया गया। इसके बाद मंगलवार को काजी हाउस पर उनका आतिशबाजी और भारी उत्साह के साथ गर्मजोशी से स्वागत हुआ। राहुल भैया ने प्रदेश उपाध्यक्ष यास्मिन शेरानी और महमूद शेरानी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के गृह नगर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। काजी हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उनके परिवारजनों ने राहुल भैया का पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छों एवं शॉल भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती तथा आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत: अजय सिंह

इस महत्वपूर्ण अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय अर्जुन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आमजन की आवाज को पूरी प्रखरता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता पर विशेष बल देते हुए कहा कि धरातल पर रात-दिन सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति और रीढ़ हैं। उन्होंने सभी से जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने और जनहित से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। वहीं स्वागत उद्बोधन देते हुए यास्मिन शेरानी और फैयाज मंसूरी सहित अन्य नेताओं ने कहा कि राहुल भैया का रतलाम आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व और कुशल नेतृत्व क्षमता संगठन को एक नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी।

पारिवारिक माहौल में चर्चा और स्मृति चित्र

कार्यक्रम के दौरान पूरी तरह से आत्मीय और पारिवारिक वातावरण देखने को मिला, जहां मुलाकातों का दौर लगातार चलता रहा। नेताओं के परिवार के सदस्यों ने भी अतिथियों का आदर-सत्कार किया। इस दौरान नगर एवं क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, जनहितकारी और विकास संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राहुल भैया के नेतृत्व, जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा तथा जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका की जमकर सराहना की। समारोह का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहा, जहां अंत में कार्यकर्ताओं ने राहुल भैया के साथ स्मृति चित्र (फोटोग्राफ्स) खिंचवाए और उनके उत्तम स्वास्थ्य, सफल एवं दीर्घ राजनीतिक जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

ADVERTISMENT