जावरा स्टेशन पर सनसनी: ट्रेन के टॉयलेट में मिला राजस्थान के एडीजे की पत्नी का शव, 'साइलेंट अटैक' बनी वजह

Sensation at Jaora station: Body of Rajasthan ADJ's wife found in train toilet, 'silent attack' the reason

जावरा स्टेशन पर सनसनी: ट्रेन के टॉयलेट में मिला राजस्थान के एडीजे की पत्नी का शव, 'साइलेंट अटैक' बनी वजह

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम जिले के जावरा रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस के टॉयलेट से एक महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पदस्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) राजकुमार चौहान की पत्नी, उषा चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी सोयत स्टेशन से निम्बाहेड़ा के लिए सवार हुए थे, लेकिन दोनों की सीट अलग-अलग कोच में थी। निम्बाहेड़ा स्टेशन आने से पहले उषा जी ने पति को फोन कर वॉशरूम जाने की बात कही थी, लेकिन जब ट्रेन गंतव्य पर रुकी तो वे बाहर नहीं आईं। पति के उतरने के बाद ट्रेन आगे बढ़ गई, जिसके बाद अनहोनी की आशंका में जीआरपी को सूचना दी गई।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

रतलाम जीआरपी ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, तो पता चला कि मोबाइल अभी भी ट्रेन के भीतर ही है। जब ट्रेन जावरा स्टेशन पहुँची, तो पुलिस ने संबंधित कोच की गहन तलाशी ली। टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसे तोड़ा गया, जहाँ उषा चौहान अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मौत की प्राथमिक वजह 'साइलेंट हार्ट अटैक' है। परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को साथ ले जाने का निर्णय लिया है।