रतलाम में शोक की लहर: रतलाम में दो कांग्रेस नेताओं का निधन, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में सीरत कमेटी सदर नासिर क़ुरैशी का इंतकाल; वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पत्रकार बंशीलाल गांधी का भी निधन

Mourning erupts in Ratlam: Two Congress leaders have passed away in Ratlam. Seerat Committee Chairman Nasir Qureshi died during the Eid-e-Milad-un-Nabi procession; senior Congress leader and journalist Banshilal Gandhi also passed away

रतलाम में शोक की लहर: रतलाम में दो कांग्रेस नेताओं का निधन, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में सीरत कमेटी सदर नासिर क़ुरैशी का इंतकाल; वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पत्रकार बंशीलाल गांधी का भी निधन

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम,  रतलाम शहर के लिए बुधवार का दिन अत्यंत दुखद और शोक संतप्त साबित हुआ। शहर ने एक ही दिन में अपनी दो ऐसी जानी-मानी और प्रतिष्ठित हस्तियों को खो दिया, जिन्होंने राजनीति, समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी थी। एक तरफ जहाँ ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पवित्र जुलूस के दौरान सीरत कमेटी के सदर अध्यक्ष एवं चार बार के वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद नासिर क़ुरैशी 64 वर्ष, का अचानक तबीयत बिगड़ने से इंतकाल हो गया, वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के प्रखर विचारक, साहित्यकार, वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बंशीलाल गांधी का भी निधन हो गया। इन दोनों दुखों से समूचे रतलाम शहर और प्रदेश भर में गहरा शोक छा गया है।

जश्न के माहौल के बीच सीरत कमेटी सदर नासिर क़ुरैशी का अचानक इंतकाल

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे आबकारी रोड से सीरत कमेटी के तत्वावधान में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जुलूस अकीदत के साथ निकाला जा रहा था। जुलूस में सभी का आत्मीय स्वागत करने के बाद वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद नासिर क़ुरैशी समाजसेवियों के साथ पैदल चल रहे थे। पैलेस रोड से महलवाड़ा के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नासिर क़ुरैशी वर्ष 1999 से लगातार चार बार पार्षद चुनकर जनता की सेवा कर रहे थे। उनके अचानक रुखसत होने की खबर फैलते ही ईद के सभी खुशियों भरे कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए और उनके वार्ड सहित पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। उनका जनाज़ा देर रात 11 बजे उनके कुरैशी मंडी स्थित निवास से उठाया गया।

राजनीति, साहित्य और पत्रकारिता जगत के पुरोधा बंशीलाल गांधी ने ली अंतिम सांस

इसी दिन रतलाम ने अपने एक और लाडले और विद्वान नागरिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पत्रकार बंशीलाल गांधी को भी खो दिया। गांधी जी ने राजनीति के साथ-साथ साहित्य और पत्रकारिता में दशकों तक अविस्मरणीय योगदान दिया। वे मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, MPCC महासचिव, AICC सदस्य तथा MPIDC के चेयरमैन जैसे उच्च पदों पर रहे और 1977 में मंदसौर से लोकसभा प्रत्याशी भी रहे थे। राजनीति से इतर, वे नई दिल्ली से प्रकाशित 'सांध्य समाचार' के संपादक रहे तथा युवा पत्रकार के रूप में जर्मनी और रूस में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। एक प्रखर कवि, लेखक और चिंतक के रूप में पूरे प्रदेश में उनका विशेष सम्मान था।

अंतिम विदाई देने उमड़ेंगे विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य जन

एक ओर जहाँ सीरत कमेटी सदर नासिर क़ुरैशी को समाजजनों और समर्थकों ने देर रात अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई दी, वहीं वरिष्ठ नेता बंशीलाल गांधी जी की अंतिम यात्रा 27 अगस्त (गुरुवार) को सुबह 9:30 बजे उनके निज निवास 365/12, विक्रम नगर (रतलाम) से निकलेगी। उनकी अंतिम यात्रा त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रतलाम की इन दोनों महान शख्सियतों के चले जाने से राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है और शहर का हर वर्ग आज गहरे दुख में डूबा है।

ADVERTISEMENT