इस्लामिया ए हिंद कमेटी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर अनोखी पहल, नौनिहाल बेटियों ने ध्वजारोहण कर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश
Islamia-e-Hind Committee takes a unique initiative on Independence Day; young girls hoist the flag, spreading the message of women empowerment
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, सामाजिक संस्था इस्लामिया ए हिंद कमेटी द्वारा 15 अगस्त का राष्ट्रीय महापर्व स्वतंत्रता दिवस मोमिनपुरा चौराहे पर बड़े ही हर्षोल्लास और गर्व के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शहर काजी अहमद अली, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष यास्मीन शेरानी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट और पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों की गरिमामयी मौजूदगी में नौनिहाल बेटियों आइमान बेलूत, हितिका राठौड़, अमीरा अंसारी और जैनब चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रातः 10:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आन-बान-शान से फहराया। इस दौरान अनेकता में एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति का संदेश देते हुए सफेद कबूतर आसमान में छोड़े गए।
राष्ट्रगान के उपरांत नन्हे-मुन्ने बच्चों को मिठाइयाँ वितरित की गईं। संस्था अध्यक्ष इक्का बेलूत और उपस्थित अतिथियों ने देश का भविष्य कही जाने वाली इन नौनिहाल बेटियों को तिरंगा ध्वज व मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी हौसला अफजाई की। इस राष्ट्रीय समारोह में शहर के जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था अध्यक्ष इक्का बेलूत ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन जोएब आरिफ द्वारा व्यक्त किया गया।
ADVERTISEMENT

