हुनर के दम पर शंघाई (चीन) तक पहुंचेगी रतलाम की बेटियां! कौशल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने मारी बाजी

Ratlam's daughters will reach Shanghai (China) on the strength of their skills! Students from Utkrisht Vidyalaya won the skills competition

हुनर के दम पर शंघाई (चीन) तक पहुंचेगी रतलाम की बेटियां! कौशल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने मारी बाजी

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, शिक्षा के क्षेत्र में रतलाम के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, रतलाम की दो होनहार छात्राओं ने अपनी तकनीकी कुशलता का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

भोपाल में दिखाएंगी अपना हुनर

व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आईटी ट्रेड (IT Trade) की छात्रा मोक्षिका भालेराव और तनीषा पाटीदार ने जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया। अब ये दोनों छात्राएं भोपाल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय परीक्षा में रतलाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रोत्साहन राशि और क्रेडिट सिस्टम का लाभ

इस प्रतियोगिता की खास बात इसमें मिलने वाले लाभ हैं, जो विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा देंगे, प्रोत्साहन राशि: राज्य स्तर पर चयनित होने पर छात्राओं को ₹70,000 की प्रशिक्षण प्रोत्साहन राशि या उच्चस्तरीय ट्रेनिंग दी जाएगी। क्रेडिट अंक: विभिन्न स्तरों पर सहभागिता के लिए क्रेडिट्स निर्धारित हैं (जिला: 02, राज्य: 05, स्टेट लेवल: 10 और नेशनल लेवल: 17 क्रेडिट)।

चीन (शंघाई) जाने का सुनहरा मौका

यदि इन छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर पर होता है, तो उन्हें ₹1,50,000 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सबसे रोमांचक पड़ाव विश्व कौशल प्रतियोगिता 2026 है, जो शंघाई (चीन) में आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्तर पर जीतने वाले प्रतिभागी भारत का प्रतिनिधित्व करने चीन जाएंगे।

प्राचार्य और शिक्षकों ने जताया हर्ष

छात्राओं की इस सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमावत ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज के युग में कौशल आधारित शिक्षा (Skill-based education) सबसे महत्वपूर्ण है। मोक्षिका और तनीषा की मेहनत और हमारे शिक्षकों के मार्गदर्शन ने यह गौरव दिलाया है। हमें विश्वास है कि ये बेटियां वर्ल्ड स्किल कॉम्पिटिशन तक पहुंचेगी। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक आर.सी. पांचाल, शरद कुमार शर्मा, आईटी शिक्षक सुरेश राठौड़ सहित पूरे स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।