रतलाम में स्काउट-गाइड का जिला स्तरीय बेसिक प्रशिक्षण शिविर हुआ सम्पन्न
District level basic training camp of Scout-Guide concluded in Ratlam
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम, भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ रतलाम के तत्वावधान में जिला स्तरीय बेसिक कब मास्टर, स्काउट मास्टर एवं रोवर लीडर प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन 19 से 25 अगस्त 2025 तक शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागोद रोड़ रतलाम में किया गया। यह सात दिवसीय शिविर स्काउटिंग-गाइडिंग की शिक्षा, साहसिक गतिविधियों एवं व्यक्तित्व निर्माण का अनुपम संगम बनकर प्रतिभागियों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत सिद्ध हुआ।
अनुशासन के साथ प्रशिक्षण
शिविर में कब मास्टर प्रशिक्षण में 13, स्काउट मास्टर में 15 तथा रोवर लीडर प्रशिक्षण में 12 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों को स्मार्टनेस एवं गुड आर्डर, नियम-प्रतिज्ञा, आदर्श वाक्य, कब प्रार्थना, विशाल गर्जना, हाइक, गांठें, प्राथमिक उपचार, कैम्प फायर, दल संचालन, दिशा ज्ञान एवं बिना बर्तन खाना बनाना आदि का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इन्होंने किया शिविर का संचालन
शिविर संचालन का दायित्व ओमप्रकाश त्रिपाठी (एल.टी. कब), रमेश बारिया (ए.एल.टी. स्काउट) एवं अशोक कुमार शर्मा (ए.एल.टी. रोवर) ने निभाया। सहयोगी प्रशिक्षकों में प्रेम सिंह राठौर, कैलाशचंद्र व्यास, जगदीशचंद्र डोडिया, रमेशचंद्र राठौड़ एवं शेखर चावरे ने महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं।
रोमांचक हाइक और सांस्कृतिक संध्या बनी आकर्षण का केंद्र*
शिविर की विशेषता रही कि प्रतिभागियों ने रोमांचक हाइक कार्यक्रम में खोज चिन्हों का अनुसरण करते हुए अनजान मार्ग तक पहुँचे और पेट्रोल सिस्टम के अंतर्गत भोजन निर्माण कर प्रस्तुत किया। वहीं सांस्कृतिक संध्या एवं बाहरी कैम्प फायर में विभिन्न दलों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कार्यक्रमों ने शिविर स्थल को उल्लास और उमंग से भर दिया।
गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एवं कमिश्नर स्काउट श्रीमती अनिता सागर एवं मुख्यालय आयुक्त सुभाष कुमावत ने अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रशिक्षणार्थियों को आशीर्वचन दिया। निरीक्षण के दौरान एडीपीसी अशोक कुमार लोढ़ा, जिला कब आयुक्त गणतंत्र मेहता सहित अन्य गणमान्य अधिकारियों ने प्रतिभागियों की लगन, अनुशासन और दक्षता की सराहना की।
जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर का प्रेरक संबोधन* -
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं कमिश्नर स्काउट श्रीमती अनीता सागर ने अपने आशीर्वचन में कहा “आज के समय में बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जीवन कौशल, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का विकास आवश्यक है। स्काउटिंग-गाइडिंग विद्यार्थियों को नेतृत्व, आत्मविश्वास और सेवा-भाव सिखाती है, जो उन्हें समाज में आदर्श व्यक्तित्व बनने की दिशा में अग्रसर करेगी।
मुख्यालय आयुक्त सुभाष कुमावत का प्रेरणादायी उद्बोधन
मुख्यालय आयुक्त श्री सुभाष कुमावत ने अपने उद्बोधन में कहा “स्काउटिंग केवल खेल या प्रशिक्षण नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला है। यहाँ सीखे गए साहस, सेवा और अनुशासन के संस्कार जीवन भर आपका मार्गदर्शन करेंगे। स्काउट-गाइड का आदर्श है ‘सेवा सर्वोपरि’ – यदि इसे हृदय से आत्मसात कर लिया जाए तो विद्यार्थी न केवल आदर्श नागरिक बल्कि सशक्त राष्ट्र निर्माता बन सकते हैं।”
शिविर का अविस्मरणीय समापन
इस मौके पर जिला संगठन आयुक्त श्री रमेश बरिया ने कहा कि सात दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों ने स्काउटिंग की मूल भावना को आत्मसात किया है, जो उन्हें विद्यालय एवं समाज में आदर्श नेतृत्व प्रदान करने हेतु प्रेरित करेगा। इस प्रकार यह शिविर रतलाम जिले के स्काउट-गाइड आंदोलन के इतिहास में एक स्मरणीय एवं प्रेरणादायी अध्याय सिद्ध हुआ, जिसने प्रतिभागियों के हृदय में सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की ज्योति प्रज्वलित कर दी।
